वीरपुर के नए अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने संभाला पदभार
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीरपुर अनुमंडल के नए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के रूप में विनय कुमार ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया।
उन्होंने निवर्तमान एसडीएम नीरज कुमार से कार्यभार संभालते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थापित एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगी।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रशासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आम नागरिकों के सहयोग से बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। पदभार ग्रहण के दौरान अनुमंडल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे और नवपदस्थापित एसडीएम का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

