वीरपुर में दुर्गा वाहिनी के सात दिवसीय शौर्य शिविर का शुभारंभ
सुपौल, 03 जून (हि.स.)। जिले के वीरपुर नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में बुधवार को दुर्गा वाहिनी द्वारा आयोजित सात दिवसीय शौर्य शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ।
भूमि पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुए इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में उत्तर बिहार के 21 जिलों से पहुंची करीब 150 महिला प्रशिक्षु भाग ले रही हैं। शिविर का आयोजन 10 जून तक किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को शारीरिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शन मंडल के सदस्य जीवेश्वर मिश्र ने बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका, भारतीय संस्कृति की विशेषताओं तथा संगठनात्मक शक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में मातृशक्ति की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव के माध्यम से महिलाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा, योग, व्यायाम, समूह संचालन, नेतृत्व विकास और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रभक्ति से जुड़े बौद्धिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रतिभागियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
आयोजकों ने बताया कि शौर्य शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और युवतियों में आत्मरक्षा की भावना, नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और सामाजिक जागरूकता विकसित करना है। शिविर में प्रशिक्षक दल द्वारा नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी और स्थानीय संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर के शुभारंभ के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

