वीरपुर नगर पंचायत में दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी को श्रद्धांजलि, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
सुपौल, 04 अगस्त (हि.स.)। वीरपुर नगर पंचायत परिसर में मंगलवार को दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने राज्य सरकार से घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कठोर कानूनी कार्रवाई तथा नगर निकाय के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। घटना के विरोध में नगर पंचायत कर्मचारियों ने भी अपना आक्रोश व्यक्त किया।
लेखापाल सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक नगर निकाय अधिकारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की जाएगी, तब तक इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी।
कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि नगर निकाय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि वे बिना भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं और इन्हें रोकने के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। श्रद्धांजलि सभा में कनीय अभियंता सत्यम राज, टैक्स दरोगा अनिल चौधरी, मनीष कुमार, श्याम यादव, अरुण शर्मा, प्रदीप मटियैत, जितेंद्र राउत, संदीप कुमार, उमेश राउत, मनोज मरीक, दशरथ यादव, संतोष कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभा का समापन दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनकी स्मृति में मौन प्रार्थना के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

