home page

वीरपुर गोल चौक पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी, प्रशासन ने फुटपाथ दुकानदारों को दी चेतावनी

 | 
वीरपुर गोल चौक पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी, प्रशासन ने फुटपाथ दुकानदारों को दी चेतावनी


सुपौल, 18 जुलाई (हि.स.)। सरकार के निर्देश पर सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत शनिवार को वीरपुर गोल चौक पर प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

इस दौरान बसंतपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) ब्रजेश कुमार सिंह एवं वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने नगर पंचायत के कर्मियों के साथ चौक और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले, अवैध रूप से ठेला-खोमचा संचालित करने वाले तथा अस्थायी संरचना बनाकर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के भीतर स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन विशेष अभियान चलाकर उसे हटाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि वीरपुर का गोल चौक नगर का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां अतिक्रमण के कारण अक्सर यातायात बाधित रहता है। सड़क किनारे अवैध कब्जा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और जाम की समस्या बनी रहती है। साथ ही, चौक की सुंदरता और नगर की व्यवस्था पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

अधिकारियों ने कहा कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों और दुकानदारों से सार्वजनिक भूमि पर कब्जा नहीं करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।निरीक्षण के दौरान वीरपुर नगर पंचायत के कई कर्मी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने दोहराया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में सुगम यातायात और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र