home page

तनाव के कारण अशांत हो चुके बीरगंज में हटाया गया कर्फ्यू

 | 
तनाव के कारण अशांत हो चुके बीरगंज में हटाया गया कर्फ्यू


पूर्वी चंपारण, 23 फरवरी (हि.स.)।

जिले के रक्सौल शहर से सटे नेपाल के वीरगंज शहर मे दो समुदायों के बीच तनाव के कारण अशांत हो चुके बीरगंज में कर्फ्यू हटा लिया गया है।

जिला प्रशासन कार्यालय परसा में आयोजित सर्वदलीय बैठक के बाद सोमवार शाम से कर्फ्यू हटा लिया गया। कर्फ्यू हटने के साथ ही बीरगंज में हालात सामान्य हो रहे हैं। नेपाल के पर्सा जिला के मुख्य जिला अधिकारी भोला दहाल ने कहा कि बीरगंज में स्थिति सामान्य होने के बाद अनिश्चित काल के लिए कर्फ्यू हटा लिया जाएगा।

रविवार शाम को युवकों के बीच सामान्य विवाद के बाद मारपीट की नौबत आने से मामला और गरमा गया। इसी घटना को लेकर एक ही गांव में रहने वाले दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ने पर स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। तुरंत नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस और नेपाली सेना मौके पर पहुंची। हालात पर काबू पाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। परसा के पुलिस उपाधीक्षक हरि बहादुर बस्नेत ने बताया कि कुछ लोग घायल भी हुए हैं।

हालात फिर से बेकाबू होने की आशंका के बाद आज सुबह स्थानीय प्रशासन ने कर्फ्यू का आदेश जारी कर दिया। वहीं, बीरगंज स्थित श्री श्री जंगगन नेपाली सेना की बख्तरबंद गाड़ियां और एक पैदल गश्ती दल को शहर में निकाला गया। इस बीच, मुख्य जिला पदाधिकारी दहाल ने कहा कि बैठक में बीरगंज के श्रीपुर में हुई घटना के दोषियों को कानूनी दायरे में लाने, पीड़ित पक्षों से शिकायत मिलने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और सांप्रदायिक संघर्ष पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों को दंडित करने का निर्णय लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार