home page

बक्सर में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रहे मजदूर की मौत

 | 
बक्सर में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रहे मजदूर की मौत


बक्सर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में रविवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान नारायणपुर निवासी विजय सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय धर्मदेव सिंह के पुत्र थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक 20 वर्षीय पुत्र है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात से जिले में रुक-रुक कर बारिश के साथ तेज गर्जना और बिजली चमक रही थी। रविवार सुबह करीब नौ बजे विजय सिंह अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए मेड़ ठीक कर रहे थे। उसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरते ही विजय सिंह खेत में गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं, मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर काम करने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra