home page

बिहार के भोजपुर में स्कार्पियो सवार ने करीब 10 को कुचला, 02 की मौत

 | 

भोजपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। बिहार में भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में बीती रात करीब 07 लोगों को स्कॉर्पियो से कुचल दिया गया है। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई है।

पुलिस के मुताबिक भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में रविवार की रात दीपावली के दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

मृतकों मे रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के 45 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव और 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव है।

दोनों पेशे से गाड़ी व्यवसायी थे।

घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्वजन ने गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद स्कॉर्पियो से लोगों को जानबूझकर कुचलने और घसीटने का आरोप लगाया है।

बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना का मामला सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर पर छठ का गाना बज रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो पर सवार गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उनके भाई मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के लोगों को घर से बुलाया। इस बीच स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब सभी लोग इकट्ठा होकर बातचीत कर रहे थे, तभी वह स्कॉर्पियो लेकर दोबारा वहां पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को रौंद दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी