home page

बिहार विद्या साथी के शुभारंभ,छात्रों को मिलेगा निःशुल्क लाइव शिक्षा का लाभ

 | 
बिहार विद्या साथी के शुभारंभ,छात्रों को मिलेगा निःशुल्क लाइव शिक्षा का लाभ


अररिया 24 अगस्त(हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म बिहार विद्या साथी का शुभारंभ किया । कार्यक्रम के सीधा प्रसारण के माध्यम से अररिया के अधिकारी समेत बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं भी जुड़ी।समाहरणालय स्थित एनआईसी के सभा कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीएम विनोद दूहन समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

बिहार विद्या साथी के माध्यम से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क लाइव शिक्षा 24 घंटे सातों दिन ऑनलाइन शिक्षक एवं लाइव ट्यूटर सपोर्ट के माध्यम से उपलब्ध होगा। विद्यार्थी अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ सकेंगे तथा पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं निःशुल्क समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन, डिजिटल टूल्स के जरिए कॉन्सेप्ट लर्निंग तथा गुणवत्तापूर्ण डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। इसके साथ ही बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ जेईई एवं नीट की तैयारी की सुविधा भी मिलेगी।

कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में बिहार विद्या साथी के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी पात्र विद्यार्थियों तक इसकी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्लेटफॉर्म की जानकारी उपलब्ध कराने, उन्हें नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने तथा तकनीकी अथवा अन्य किसी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर