home page

खनन एवं राजस्व संग्रह में बिहार ने दर्ज की प्रगति, अवैध खनन पर कार्रवाई हुई तेज: डॉ प्रमोद कुमार

 | 
खनन एवं राजस्व संग्रह में बिहार ने दर्ज की प्रगति, अवैध खनन पर कार्रवाई हुई तेज: डॉ प्रमोद कुमार


पटना, 09 जुलाई (हि.स.)। बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने गुरुवार को विभाग की उपलब्धियों, राजस्व संग्रह, अवैध खनन पर कार्रवाई तथा खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक एवं पारदर्शी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रयासों एवं विभागीय अधिकारियों की सतत निगरानी के परिणामस्वरूप वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

मंत्री प्रमोद कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून 2026 तक विभाग द्वारा 505.26 करोड़ का राजस्व संग्रह किया गया है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 409.62 करोड़ था। इस प्रकार राज्य को 95.64 करोड़ (लगभग 23 प्रतिशत) अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि विभाग द्वारा अपनाई गई पारदर्शी व्यवस्था, प्रभावी निगरानी तथा खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई लगातार प्रभावी ढंग से जारी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक 12,877 छापेमारी, 674 प्राथमिकी तथा 248 गिरफ्तारियां, 1945 वाहनों की जब्ती तथा दण्ड मद में 23.20 करोड़ रूपये की वसूली की गयी है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 3.58 करोड़ रूपये अर्थात 18 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के विरुद्ध सरकार की जोरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।

मंत्री ने बताया कि बिहार में महत्वपूर्ण एवं दुर्लभ खनिजों के वैज्ञानिक दोहन की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। वृहद खनिज के क्षेत्र में बिहार की भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभर रही है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के अन्वेषण प्रतिवेदन के आधार पर खान मंत्रालय द्वारा वृहद खनिज के 14 ब्लॉक नीलामी के लिए उपलब्ध कराये गये है। इनमें से 03 ब्लॉक यथा चुटिया नौहट्टा ग्लूकोनाईट ब्लॉक (रोहतास), पिपराडीह भुरवा ग्लूकोनाईट ब्लॉक (रोहतास) एवं गंजाना निकेल क्रोमियम एवं पीजीई ब्लॉक (गया) की सफल नीलामी खान मंत्रालय द्वारा करायी गयी है एवं 01 ब्लॉक यथा भोरा कटरा लाईम स्टोन ब्लॉक (रोहतास) की नीलामी राज्य सरकार द्वारा करायी गयी है।

उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जमुई जिला के अन्दर मंजोस एवं भंटा में वृहद खनिज लौह अयस्क के ब्लॉक एवं बांका जिला के पिंडारा में कॉपर लेड जिंक ब्लॉक की निविदा यथाशीघ्र आमंत्रित की जाएगी। नवादा जिलान्तर्गत 08 पत्थर खनन पट्टों की निविदा प्रकाशन के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भेजी गई है। शेष जिलों बांका, रोहतास, औरंगाबाद, गया, शेखपुरा, कैमूर में पत्थर खनन पट्टों की निविदा प्रकाशन प्रक्रियाधीन है।

प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार सरकार खनिज संसाधनों के संरक्षण, वैज्ञानिक एवं न्यायसंगत उपयोग, पारदर्शी खनन व्यवस्था, पर्यावरणीय संतुलन तथा सतत विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल राजस्व वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि खनिज संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर राज्य के औद्योगिक विकास को गति देना और अधिकाधिक रोजगार के अवसर सृजित करना भी है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी