बिहार को बदहाली और अपराध के दौर से निकालकर विकास की राह पर लाने में नीतीश कुमार का बड़ा योगदान : संजय सरावगी
पटना, 19 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखे जाने को पूरी तरह उचित और वाजिब निर्णय बताया। नीतीश कुमार बिहार के विकास के सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने अपने सुशासन के माध्यम से बिहार में बदलाव की नई इबारत लिखी है। बिहार को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है।
संजय सरावगी ने कहा कि जो लोग नीतीश सेतु के नामकरण का विरोध कर रहे हैं, वे सही मायने में नीतीश कुमार से नफरत करते हैं। नीतीश कुमार से नफरत करने वाले राजद को बिहार की जनता पहले ही राजनीतिक रूप से पूरी तरह हाशिये पर डाल चुकी है और आगे भी राजद जो नफरत दिखा रही है और आगे भी जनता उसे हाशिये पर डालेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विकास और सुशासन को महत्व देती है तथा राज्य के विकास में योगदान देने वाले नेताओं का सम्मान करना जानती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक समय बिहार बदहाली, अपराध और अराजकता के दौर से गुजर रहा था। राज्य को विकास से वंचित रखने वाले लोगों ने बिहार की छवि को देशभर में खराब किया था। ऐसे दौर से बिहार को निकालकर नीतीश कुमार ने सुशासन और विकास की राह पर आगे बढ़ाया। उनके शासनकाल में बिहार में बदलाव आया और विकास की नई संभावनाएं बनीं। सड़क, पुल, बिजली और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए बदलाव ने राज्य की प्रगति को नई गति दी और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया।
उन्होंने कहा, विडंबना है कि जिन लोगों ने बिहार को अंधकार में रखा, वे आज नीतीश कुमार के नाम पर बने सेतु का विरोध कर रहे हैं। दरअसल, उनका विरोध केवल नीतीश कुमार से नहीं, बल्कि बिहार के विकास और राज्य की बदली हुई पहचान से भी है।
संजय सरावगी ने कहा कि प्रदेश के विकास में नीतीश कुमार के योगदान को बिहार की जनता कभी भुला नहीं सकती। नीतीश सेतु उनके विकास संबंधी योगदान और बिहार में सुशासन के दौर की एक महत्वपूर्ण पहचान है। ऐसे में इस नामकरण पर सवाल उठाना राज्य के विकास में उनके योगदान को नकारने जैसा है।
उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे गई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर उनके स्वागत के लिए बिहार के लोग तैयार हैं और एनडीए कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

