home page

भाजपा नेताओं ने सुनी 'मन की बात', प्रभात मालाकार बोले- घर-घर पहुँचाएंगे पीएम मोदी का संदेश

 | 

मुजफ्फरपुर, 29 मार्च (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 132वां एपिसोड रविवार को मुजफ्फरपुर में उत्साह के साथ सुना गया। नगर विधानसभा के वार्ड नंबर 17 स्थित बूथ संख्या 124-125 पर, भाजपा नेता रंजीत कुमार साहू के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी प्रभात मालाकार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह संस्करण ऊर्जा से भरपूर, गतिशील और प्रेरक रहा। उन्होंने बताया कि इस बार का एपिसोड मुख्य रूप से जल सरोवर संरक्षण, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और वैश्विक युद्ध संकट जैसे गंभीर विषयों पर केंद्रित रहा।

मालाकार ने कहा, प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सौर ऊर्जा अपनाने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का जो आह्वान किया है, वह भविष्य के भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के दौरान प्रभात मालाकार ने प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी सुझावों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने खाने के तेल के उपभोग में कम से कम 10% की कटौती करने का सुझाव दिया है, जो बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को निरंतर जारी रखने की अपील भी की गई है। मालाकार ने घोषणा की कि भाजपा कार्यकर्ता एक अभियान के तहत प्रधानमंत्री की इन बातों और उनके दूरदर्शी संदेशों को जिले के हर घर तक पहुँचाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं की भारी मौजूदगी रही। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी ऊर्जा संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की शपथ ली।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार