home page

बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के बड़हरवा फत्तेमहमद गांव में घर में लगी आग से व्यवसायी के पुत्र-पुत्री व एक कर्मी समेत तीन की मौत

 | 
बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के बड़हरवा फत्तेमहमद गांव में घर में लगी आग से व्यवसायी के पुत्र-पुत्री व एक कर्मी समेत तीन की मौत


पूर्वी चंपराण, 09 मई (हि.स.)।

बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवाचैनपुर थानाक्षेत्र अन्तर्गत बड़हरवा फत्तेमहमद गांव में शुक्रवार करीब 12 बजे रात एक किराना दुकान व व्यवसायी के घर में अचानक लगी आग में व्यवसायी के पुत्र-पुत्री व एक कर्मी समेत तीन की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक राजकुमार गुप्ता की किराना दुकान में रात 12 बजे आग लग गई । आग की लपटें इतनी खतरनाक थी कि घटना में व्यवसायी राजकुमार साह के पुत्र रौद्र कुमार (08 वर्ष) व पुत्री सृष्टि कुमारी (10 वर्ष) के साथ-साथ एक ग्रामीण स्टाफ झरौखर थानाक्षेत्र के भंगहा गांव निवासी सुजय कुमार सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार (28 वर्ष) जिंदा जल गए। तीनों की मौत हो गई।

घटना के वक्त व्यवसायी अलग कमरे में सो रहे थे। बच्चे अलग कमरे में थे। वहीं दुकान का कर्मी भी अलग कमरे में सो रहे थे। इसी बीच भूतल पर स्थित दुकान में शाट सर्किट से अचानक लगी आग पूरे घर में फैली।

इस दौरान एक गैस सिलिंडर भी फट गया। इस कारण आग की लपटें भयावह हो गईं। घटना के कारण पड़ोसी रवींद्र कुमार की दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है। आग बुझाने के दौरान पड़ोसी विजय बैठा भी जख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन टीम के सहयोग से शवों को निकाला।

राजकुमार साह अपनी एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी से शुक्रवार को ही दो बच्चों के साथ घर लौटे थे। प्रथम तल पर आवास था। अगलगी की घटना के बाद राजकुमार साह ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचा सके।

बुरी तरह झुलसने के बाद प्रथम तल से कूदे, लेकिन तबतक सबकुछ राख हो गया था। घटना की सूचना पर अग्निशमन दस्ता की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस मौके पर कैंप कर रही है । क्षति का आंकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी