home page

बिहार दिवस पर सीवान में भव्य आयोजन, डीएम ने दिलाया “उन्नत बिहार-उज्ज्वल बिहार” का संकल्प

 | 
बिहार दिवस पर सीवान में भव्य आयोजन, डीएम ने दिलाया “उन्नत बिहार-उज्ज्वल बिहार” का संकल्प


सीवान, 22 मार्च (हि.स.)।

बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के टाउन हॉल में कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन सीवान के संयुक्त तत्वावधान में भव्य मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी से सकारात्मक सहभागिता और सहयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें जदयू जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह जीशू सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। आगंतुक अतिथियों का स्वागत उपसमाहर्ता जूली कुमारी और कला संस्कृति प्रभारी शालू कुमारी ने पौधा भेंट कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।

बिहार दिवस के मौके पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा भाषण, पेंटिंग और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में भाग लिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही, कार्यक्रम में प्रेरणादायक फिल्म “द माउंटेन मैन मांझी” का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

अपने संबोधन में डीएम ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध रही है और यह दिन न केवल गौरव का, बल्कि विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर एडीएम प्रमोद कुमार, एसडीएम आशुतोष गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व गांधी मैदान से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें डीएम, एसपी और अन्य अधिकारी शामिल हुए। बाद में गांधी मैदान की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma