बिहार विधानमंडल बजट सत्र : पूरा देश जानता है जंगलराज का युवराज कौन है : विजय सिन्हा
पटना, 05 फरवरी (हि.स.)।
बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हम तेजस्वी यादव के दुख को समझते हैं, इसलिए उन्हें बैठकर बोलने के लिए कहा। तेजस्वी कह रहे थे कि गलत हुआ, लेकिन गलत करने का ठेका तो इन लोगों के पास है। पूरा देश जानता है जंगलराज का युवराज कौन है। लोकतंत्र को परिवारतंत्र बनाने वाले और जानवरों का चारा चुराने वाले उपदेश ना दें।
विजय सिन्हा ने तेजस्वी पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को पहले अपने घर की बेटियों की इज्जत करना सीखनी चाहिए और बिहार की चिंता छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य की जिम्मेदारी के लिए डबल इंजन की सरकार जिम्मेदार है। उनके इस बयान ने सदन में राजनीतिक गर्माहट बढ़ा दी और विपक्षी दलों के सदस्य तीखी प्रतिक्रिया देने लगे।
इस पर राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने सिन्हा की बातों पर टोकना शुरू कर दिया। वीरेंद्र ने कहा कि यह अस्वीकार्य है और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कुछ गलत शब्दों का जिक्र किया उसके बाद दोनों नेताओं के बीच तकरार बढ़ गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
सदन की कार्यवाही को नियंत्रित करने के लिए स्पीकर ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से शांत रहने की अपील की। स्पीकर ने कहा कि सदन में सभी नेताओं को सम्मानपूर्वक अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत आरोप और अपमानजनक टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों को अपने व्यवहार में संयम दिखाना होगा और विधानसभा की गरिमा को बनाए रखना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

