अयोध्या और जनकपुरधाम को सीधी रेल सेवा से जोड़ना ऐतिहासिक निर्णय : संजय सरावगी
पटना, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा के विधायक संजय सरावगी ने जनकपुरधाम और अयोध्या कैंट के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भारत और नेपाल के सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता जानकी की जन्मभूमि जनकपुरधाम को सीधी रेल सेवा से जोड़ना दोनों देशों की साझा आस्था और आध्यात्मिक विरासत को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह केवल दो धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली रेल सेवा नहीं है, बल्कि भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंधों को और प्रगाढ़ करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को बेहतर संपर्क सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।
उन्होने कहा कि जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को दोनों पावन तीर्थस्थलों की यात्रा करने में काफी सुविधा होगी। इससे बिहार, विशेषकर मिथिला क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल भारत-नेपाल की मैत्री को और मजबूत करने के साथ दोनों देशों की साझा आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि इस रेल सेवा से मिथिला और अयोध्या के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव को नया आयाम मिलेगा। यह पहल श्रद्धालुओं के लिए सुविधा बढ़ाने के साथ दोनों देशों के बीच आत्मीय संबंधों को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

