home page

भोजपुर–बक्सर एमएलसी उपचुनाव में जदयू ने कन्हैया प्रसाद काे बनाया उम्मीदवार

 | 
भोजपुर–बक्सर एमएलसी उपचुनाव में जदयू ने कन्हैया प्रसाद काे बनाया उम्मीदवार


पटना, 12 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में भोजपुर–बक्सर स्थानीय निकाय विधान परिषद सीट पर उपचुनाव हाेने है। यह सीट राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी।

इस उपचुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। जदयू ने राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर उनका मुकाबला राजद के सोनू कुमार राय से होगा।

यह सीट राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी। इसलिए जदयू ने उनके बेटे कन्हैया प्रसाद को मैदान में उतारा है। राधाचरण साह पहले राजद में थे, लेकिन बाद में जदयू में शामिल हो गए थे और पार्टी टिकट पर विधायक बने।

कन्हैया प्रसाद की बात की जाये ताे राजनीति में आने से पहले वह अपने पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। वह ब्रॉडसन कमोडिटीज प्रा. लि. जैसी कंपनियों में निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं, जो खनन और व्यापार के क्षेत्र में सक्रिय है। हालांकि, उनका राजनीतिक सफर विवादों से भी जुड़ा रहा है। अवैध बालू खनन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने उन्हें सितंबर 2023 में गिरफ्तार किया था। लगभग 9 महीने जेल में रहने के बाद मई 2024 में उन्हें जमानत मिली थी। अब जदयू ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है, जो उनके लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा मानी जा रही है।

12 मई को हाेना है मतदान

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अधिसूचना 16 अप्रैल को जारी होगी, जबकि नामांकन 23 अप्रैल को भरे जाएंगे। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 27 अप्रैल तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। मतदान 12 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 14 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी