home page

दो करोड़ की लागत से होगा भवानीपुर काली मंदिर पुनर्निर्माण

 | 
दो करोड़ की लागत से होगा भवानीपुर काली मंदिर पुनर्निर्माण


भागलपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नवगछिया अनुमंडल के रंगरा प्रखंड स्थित भवानीपुर काली मंदिर, जो करीब 200 वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है, अब नए और भव्य स्वरूप में नजर आएगा। वर्षों पुराने इस ऐतिहासिक “कामना मंदिर” को तोड़कर आधुनिक शैली में विशाल मंदिर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

मंदिर पुनर्निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मंदिर को आकर्षक और भव्य डिजाइन के साथ तैयार किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निर्माण कार्य पूरी तरह जनसहयोग से कराया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मंदिर के व्यवस्थापक प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव और कोषाध्यक्ष विश्वास झा ने बताया कि यह सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि मंदिर को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यह आने वाले समय में क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल बन सके।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर वर्षों से लोगों की मनोकामनाएं पूरी करता आया है, इसलिए इसे भव्य रूप देना सभी के लिए गर्व की बात है। निर्माण कार्य में गांव के लोगों के साथ-साथ प्रवासी श्रद्धालु भी आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। मौके पर मौजूद अरुण यादव, कैलाश यादव, चंद्रकांत कुमार उर्फ चुन्ना साह, सुधीर यादव, कन्हैया कुमार, रिंटू झा, गुड्डू झा, गोवर्धन पोद्दार, मुकेश भगत, राजीव झा, अंजनी झा, बहादुर यादव, पवन यादव, अमित सरकार सहित कई लोगों ने बताया कि मंदिर निर्माण से क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और कोशिश है कि जल्द से जल्द मंदिर को नए स्वरूप में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाए। भवानीपुर काली मंदिर का यह पुनर्निर्माण न केवल एक धार्मिक पहल है, बल्कि यह क्षेत्र की आस्था, एकता और सामूहिक सहयोग का प्रतीक बनकर उभर रहा है। आने वाले समय में यह मंदिर भव्यता के साथ श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर