home page

भटहां पंचायत को गन्ना बीज ग्राम बनाने की शुरू हुईपहल

 | 
भटहां पंचायत को गन्ना बीज ग्राम बनाने की शुरू हुईपहल


-किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

पूर्वी चंपारण,22 मई (हि.स.)। जिले के सुगौली प्रखंड के भटहां पंचायत को गन्ना बीज ग्राम बनाने को लेकर पहल शुरू कर दी गई है।इसको लेकर भटहां पैक्स गोदाम परिसर में शुक्रवार को किसानों की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य गन्ना उद्योग विभाग द्वारा गन्ना बीज ग्राम योजना के तहत भटहां पंचायत के चयन को लेकर किसानों को जागरूक करन और योजना से होने वाले लाभ की विस्तृत जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और विभागीय अधिकारी शामिल रहे।बैठक में जिला उप निदेशक गन्ना विकास अजीत प्रसाद ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि गन्ना बीज ग्राम योजना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस योजना के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि भटहां पंचायत को गन्ना बीज ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। मौके पर विभागीय अधिकारी मदन बैठा,रामनारायण प्रसाद,वैद्यनाथ साहू तथा स्थानीय चीनी मिल के अधिकारी रंजीत सिंह,अजय शर्मा एवं संतोष तिवारी ने भी किसानों को योजना की रूपरेखा विस्तार से समझाई। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती तकनीक अपनाने एवं उन्नत बीज के प्रयोग पर जोर दिया।

बैठक में पैक्स अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता,रामयश प्रसाद,मनोज कुमार,सुदामा प्रसाद कुंदन कुमार,मिथिलेश कुमार,हरेन्द्र प्रसाद,रुपलाल यादव,विद्यानंदन कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। बैठक के बाद सहायक निदेशक ने क्षेत्र में लगे गन्ना फसलों का निरीक्षण भी किया तथा किसानों को आवश्यक सुझाव दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार