भंडार हिंसा को लेकर 300 नामजद व 800 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
पूर्वी चंपारण,06 मई (हि.स.)। जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र के भंडार गांव में विष्णु महायज्ञ के तहत निकाली गई कलश यात्रा को धार्मिक स्थल के समीप रोके जाने के बाद उत्पन्न विवाद मामले में पचपकड़ी थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है और गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पहली प्राथमिकी वहां तैनात मजिस्ट्रेट सह ढाका बीडीओ डॉ. इस्लाम अंसारी के बयान पर दर्ज की गई है। इसमें दोनों पक्षों के करीब 200 नामजद एवं 500 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा डालने, शांति भंग करने, पथराव करने तथा प्रशासनिक टीम पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
दूसरी प्राथमिकी पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार द्वारा दर्ज कराई गई है। इसमें डीजे संचालक एवं संबंधित लोगों पर बिना अनुमति डीजे बजाने, पथराव करने, पुलिस बल पर हमला करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने का आरोप लगाया गया है।थानाध्यक्ष के आवेदन पर 100 नामजद एवं 300 अज्ञात को आरोपित किया गया है।
उल्लेखनीय है,कि बीते सोमवार को भंडार गांव में धार्मिक स्थल के समीप डीजे बजाने को लेकर एक पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान ढाका बीडीओ सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अज्ञात आरोपितों की पहचान में जुटी है। गांव में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल तैनात है, जबकि थानाध्यक्ष उत्तम कुमार स्वयं पुलिस टीम के साथ कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सिकरहना डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

