श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ के चौथे दिन धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव
अररिया, 04 फरवरी(हि.स.)।
नगर के छुआपट्टी स्थित लोक शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रामप्रकाश प्रसाद के निज निवास पर आयोजित आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ के चौथे दिन बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हुआ।श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। जैसे ही कथा व्यास ने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की का उद्घोष किया, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और नृत्य से झूम उठा।
कथा के चौथे दिन बुधवार को व्यास पीठ से कथावाचक नारायण शर्मा ने भक्ति के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों पर प्रकाश डाला। कथा की शुरुआत समुद्र मंथन के प्रसंग से हुई, जिसमें देव-दानव संग्राम और जगत कल्याण के लिए निकले अमृत व विष की व्याख्या की गई। इसके पश्चात लक्ष्मी अवतार की कथा सुनाते हुए बताया गया कि किस प्रकार ऐश्वर्य की देवी का प्राकट्य हुआ।श्रोताओं को भक्त अम्बरीष की अटूट भक्ति और मर्यादा पुरुषोत्तम राम व परशुराम संवाद के प्रसंग ने मंत्रमुग्ध कर दिया। कथावाचक ने कहा कि भगवान का अवतार अधर्म का नाश करने और भक्तों के कल्याण के लिए होता है।
नंदोत्सव में झूम उठे श्रद्धालु
शाम होते-होते कथा पंडाल गोकुल में तब्दील हो गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान बाल स्वरूप भगवान को पालने में झुलाया गया और श्रद्धालुओं पर पुष्प व प्रसाद की वर्षा की गई। भगवान के जन्म की खुशी में उपस्थित भक्तों ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान राम प्रकाश प्रसाद,धैर्य आनंद,मनीष दास,वर्णिका दास,अमरजीत कुमार,विजय प्रकाश,मनीषा प्रकाश,विजय कुमार,गणेश दास,अरविंद दास,दिनेश दास,पियूष कुमार,मोती लाल शर्मा,आनंद प्रकाश,मनोज दास,अनमोल कुमार,अमृत कुमार,कर्नल दास,शिव फिटकरीवाला,गौरव मरोठी,पूनम पांडिया,मनोज गोयल,हृदय भगत,धनश्याम अग्रवाल,विजय लखोटिया,राजीव रमन भास्कर, अजातशत्रु अग्रवाल,नीतू केडिया सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

