home page

जहरीली हुई भागलपुर की हवा: देश के सबसे प्रदूषित शहरों में 17वें स्थान पर पहुंचा शहर

 | 
जहरीली हुई भागलपुर की हवा: देश के सबसे प्रदूषित शहरों में 17वें स्थान पर पहुंचा शहर


भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। दिवाली और छठ जैसे महापर्व बीत जाने के बावजूद भागलपुर की आबोहवा में प्रदूषण का जहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है।

हवा की गुणवत्ता लगातार गिरने के कारण भागलपुर देशभर के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 17वें स्थान पर पहुंच गया है। शहर के अधिकांश प्रमुख चौक-चौराहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया है, जिससे आम लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। शहर में सुबह की सैर हो या शाम को बाजार से घर लौटना, हर सांस के साथ शहरवासी धूल और प्रदूषित हवा के गुबार से गुजरने को मजबूर हैं।

शहर के विभिन्न हिस्सों में दर्ज किया गया एक्यूआई स्तर चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहा है। चंपापुल: 342 (बहुत खराब), अलीगंज चौक: 318 (बहुत खराब), जीरोमाइल चौक: 303 (बहुत खराब), भागलपुर स्टेशन चौक: 278 (खराब) और तिलकामांझी चौक: 274 (खराब) है। विशेषज्ञों और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, शहर में लगातार लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम, वाहनों से निकलने वाले जहरीले धुएं और सड़कों पर उड़ती धूल के कारण हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। वातावरण में पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म धूल कणों की मात्रा मानक से काफी अधिक बढ़ गई है।

चिकित्सकों का कहना है कि 'बहुत खराब' श्रेणी की यह हवा लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन गई है। इसके कारण लोगों में आंखों में जलन, गले में खराश, सांस लेने में तकलीफ, अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करने और अनावश्यक रूप से धूल भरे इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर