home page

वायरल वीडियो के बाद भागलपुर पुलिस अलर्ट, पार्कों में तैनात ‘पुलिस दीदी’ दे रही हैं सुरक्षा का भरोसा

 | 
वायरल वीडियो के बाद भागलपुर पुलिस अलर्ट, पार्कों में तैनात ‘पुलिस दीदी’ दे रही हैं सुरक्षा का भरोसा


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। बिहार के जमुई, समस्तीपुर, बांका और किशनगंज के बाद हाल ही में भागलपुर जिले में भी युवतियों से सरेआम अभद्रता और छेड़खानी के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत शहर के सभी प्रमुख पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्कों में सुरक्षा की कमान संभाल रहीं 'पुलिस दीदी' सक्रियता से तैनात हैं। वे पार्क में आने वाली युवतियों और अन्य लोगों से बातचीत कर रही हैं।

इस संवाद के दौरान युवतियों से उनकी सुरक्षा को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है और उन्हें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस दीदी महिलाओं को यह भरोसा दिला रही हैं कि वे अकेले नहीं हैं और पुलिस हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। अभियान के तहत पुलिस द्वारा युवतियों को विशेष निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी युवती को पार्क या उसके आसपास किसी तरह की परेशानी, अभद्रता या छेड़खानी का सामना करना पड़ता है, तो वे बिना डरे तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करें।

इसके अलावा, मौके पर तैनात ‘पुलिस दीदी’ से भी सीधे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पार्क में घूमने आए स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने पुलिस के इस कदम की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस दीदी की मौजूदगी से खासकर युवतियों में सुरक्षा का माहौल बनेगा और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस व्यवस्था से पार्कों में घूमने आने वाले असामाजिक तत्वों और मनचलों पर भी कड़ी नजर रखी जा सकेगी, जिससे माहौल शांतिपूर्ण बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर