home page

भागलपुर पुलिस ने दंगा नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर किया मॉक ड्रिल, परखी त्वरित कार्रवाई की तैयारी

 | 
भागलपुर पुलिस ने दंगा नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर किया मॉक ड्रिल, परखी त्वरित कार्रवाई की तैयारी


भागलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार दोपहर को पुलिस केंद्र, भागलपुर में एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस अभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की। मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी संभावित दंगे, उपद्रव अथवा अचानक उत्पन्न होने वाली विधि-व्यवस्था की संकटपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को प्रशिक्षित किया गया।

इसमें पुलिस कर्मियों को भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील परिस्थितियों में बल का सीमित और समुचित उपयोग, त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा क्षेत्र में हर हाल में शांति बनाए रखने की विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने निर्धारित मैन्युअल के अनुसार अलग-अलग काल्पनिक परिस्थितियों में आपसी समन्वय के साथ की जाने वाली कार्रवाई का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

मौके पर मौजूद वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक ने पूरी मॉक ड्रिल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जवानों की तैयारी पर संतोष व्यक्त करते हुए किसी भी आपात स्थिति में पूरी तत्परता, अनुशासन, बेहतरीन आपसी तालमेल और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमत, तत्परता और कार्यकुशलता को और अधिक मजबूत करना है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना के समय पुलिस तुरंत और प्रभावी तरीके से स्थिति पर काबू पा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर