home page

अपराध नियंत्रण को लेकर भागलपुर पुलिस अलर्ट, सभी थाना क्षेत्रों में चला सघन वाहन जांच अभियान

 | 
अपराध नियंत्रण को लेकर भागलपुर पुलिस अलर्ट, सभी थाना क्षेत्रों में चला सघन वाहन जांच अभियान


भागलपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराध की रोकथाम, विधि-व्यवस्था संधारण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गश्ती के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन किया गया। पुलिस टीम ने सड़कों पर घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और उनके वाहनों की डिक्की सहित अन्य सामानों की गहन जांच की। वहीं, बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर