home page

बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी, मुंगेर जमुई को 10 विकेट से किया पराजित

 | 
बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी, मुंगेर जमुई को 10 विकेट से किया पराजित


भागलपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी 2025–26 के अंतर्गत सैंडिस कंपाउंड भागलपुर में मंगलवार को खेले गए लीग मुकाबले में मुंगेर मेंस सीनियर टीम ने जमुई मेंस सीनियर टीम को 10 विकेट से पराजित किया।

मैच में टॉस जीतकर मुंगेर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जमुई मेंस सीनियर की टीम 44.2 ओवर में 195 रन पर सिमट गई। जमुई की ओर से मोहम्मद आसिफ इकबाल ने 54 रन की अहम पारी खेली, जबकि विशाल राजेश कुमार ने 30 रन का योगदान दिया। अंतिम क्रम में कमलेश कुमार ने 18 रन बनाए।

मुंगेर की ओर से गेंदबाजी में आनंद प्रदीप कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 41 रन देकर 6 विकेट प्राप्त किए। उनके अलावा विशाल सत्येंद्र सिंह एवं गुलशन सरवीत यादव को 1-1 विकेट मिला। 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बिना किसी नुकसान के 23.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। आनंद प्रदीप कुमार ने नाबाद 111 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 19 चौके और 1 छक्का शामिल था। अभिषेक लाल कुमार ने नाबाद 76 रन बनाकर उनका पूरा साथ दिया। उत्कृष्ट हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आनंद प्रदीप कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश एवं अमरिंदर पांडे रहे। स्कोरर के रूप में अंकित अमित राज एवं शिवम कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं ऑब्ज़र्वर के रूप में एनसीए लेवल-2, बीसीसीआई के कोच संजय कुमार उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर