home page

बकौर-भेजा निर्माणाधीन पुल का डीएम ने किया निरीक्षण, मार्च 2027 तक कार्य पूरा करने का निर्देश

 | 
बकौर-भेजा निर्माणाधीन पुल का डीएम ने किया निरीक्षण, मार्च 2027 तक कार्य पूरा करने का निर्देश


बकौर-भेजा निर्माणाधीन पुल का डीएम ने किया निरीक्षण, मार्च 2027 तक कार्य पूरा करने का निर्देश


सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को बकौर-भेजा में निर्माणाधीन पुल का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पुल के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से जानकारी ली।

इस दौरान कार्यरत निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी को बताया कि पुल निर्माण कार्य को पूर्ण करने की निर्धारित समय-सीमा मार्च 2027 तक है। एजेंसी की ओर से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना तैयार की जा रही है। निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर भी जिलाधिकारी ने एजेंसी के प्रतिनिधि से विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की विस्तृत समय-सारणी (टाइमलाइन) तैयार कर प्रत्येक चरण के कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी लाने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुल का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना से जुड़े इस निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्य की नियमित रूप से निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का पूरा ध्यान रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के निरीक्षण से निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और चरणबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश मिले। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को भी निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सुपौल सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र