बरूआरी पंचायत की जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
सुपौल, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत बरूआरी पंचायत में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पंचायत के वार्ड संख्या 1 और 3 के बीच स्थित सड़क पिछले करीब चार वर्षों से अत्यंत खराब स्थिति में है। खासकर बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्थिति और गंभीर इसलिए है क्योंकि इसी मार्ग पर एक हरिजन विद्यालय भी स्थित है। बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार अभिभावकों को खुद बच्चों को गोद में उठाकर या सहारा देकर स्कूल पहुंचाना पड़ता है, जिसके कारण बच्चे स्कूल जाने से कतराते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क आधे गांव की आबादी को जोड़ती है और वार्ड 1, 3, 4 समेत अन्य क्षेत्रों के लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से सड़क की मरम्मत या निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। युवा कांग्रेस नेता लक्ष्मण कुमार झा ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का जल्द से जल्द नालायुक्त पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके। इस विरोध प्रदर्शन में मुकेश कुमार सिंह, जोगी ठाकुर, कन्हैया सिंह, फूलचंद देवी, कविता देवी, निर्या देवी, शिव ठाकुर, पंकज झा और गुड्डू कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

