बरारी की लक्ष्मीपुर पंचायत में 25 हेक्टेयर में विकसित हुआ केला क्लस्टर
कटिहार, 20 नवंबर (हि.स.)। उद्यान निदेशालय, बिहार सरकार द्वारा संचालित 'क्लस्टर आधारित बागवानी विकास योजना' के तहत बरारी प्रखंड की लक्ष्मीपुर पंचायत में 25 हेक्टेयर क्षेत्रफल में केला क्लस्टर विकसित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य एक ही पंचायत के किसानों को संगठित कर बड़े पैमाने पर केला उत्पादन को बढ़ावा देना और उनकी आय में वृद्धि करना है। इसी क्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) तथा बरारी और कोढ़ा के प्रखंड उद्यान पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने लक्ष्मीपुर पंचायत पहुंचकर केला क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण एवं जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि पंचायत के करीब 25 हेक्टेयर रकबे में किसानों द्वारा सफलतापूर्वक केला की खेती की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में योजना के तहत चयनित किसानों को उन्नत किस्म के केला के पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त पात्रता और निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप किसानों को सहायता अनुदान दिए जाने का भी प्रावधान है। साथ ही किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती, पौधों की देखभाल, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और पौधा संरक्षण को लेकर लगातार तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी ने किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि क्लस्टर आधारित खेती से न केवल फसल की उत्पादकता बढ़ेगी, बल्कि एक ही स्थान पर अधिक उत्पादन होने से किसानों को सामूहिक रूप से बेहतर बाजार भी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। इस योजना से क्षेत्र के केला उत्पादक किसानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

