home page

पश्चिम चंपारण में बैंक हड़ताल से चरमराई बैंकिंग व्यवस्था, 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित

 | 
पश्चिम चंपारण में बैंक हड़ताल से चरमराई बैंकिंग व्यवस्था, 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित


बेतिया, 11 सितंबर (हि.स.)।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में लेनदेन सहित विभिन्न सेवाएं प्रभावित हुईं। इससे ग्राहकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी और पश्चिम चंपारण में करीब 200 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है।

हड़ताल के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे हड़ताल से बाहर रहे अधिकारियों को भी आंदोलनकारियों ने प्रवेश नहीं करने दिया। कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर कर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।

बैंक अधिकारी शैलेश जायसवाल और रवि केसरी ने कहा कि पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति के बावजूद दो वर्षों से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन व्यवस्था लागू नहीं की गई।

कर्मियों ने न्यायसंगत पीएलआई, पेंशन अपडेटेशन समेत लंबित सेवा मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। आंदोलनकारियों ने आईसीआईसीआई बैंक में भी कामकाज बंद कराया। प्रदर्शन में शैलेश जायसवाल, रवि केसरी, अनिल तिवारी, ओमप्रकाश मिश्रा, राजकुमार शुक्ला, राहुल कुमार समेत कई बैंक अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक