home page

जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बकरीद

 | 
जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बकरीद


भागलपुर, 28 मई (हि.स.)। जिले भर में बकरीद का त्योहार गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

सुबह जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की गयी। खानकाह-ए-शहबाजिया में सज्जादानशीन सैयद शाह इंतेखाब आलम शहबाजी ने बकरीद की नमाज पढ़ायी। बरहपुरा जामा मस्जिद के इमाम हाफिज कुदरतउल्लाह, भीखनपुर जामा मस्जिद में कारी नसीम अशरफी ने नमाज पढ़ायी।

ईद-उल-जुहा (बकरीद) की नमाज को लेकर बरहपुरा ईदगाह, शाहजंगी ईदगाह मैदान, खानकाह-ए-शहबाजिया, सीटीएस कर्णगढ़ मैदान, शाही मस्जिद खलीफाबाग, पीर दमड़िया मस्जिद उल्टापुल, मस्जिदुउल फुरकान भीखनपुर, मोजाहिदपुर जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद भीखनपुर, मस्जिद यूसुफ भट्टा बरहपुरा, तातारपुर जामा मस्जिद आदि जगहों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे।

खानकाह पीर दमड़िया शाह मार्केट के सज्जादानशीन सैयद शाह फखरे आलम हसन ने कहा कि ईद-उल-अजहा यानी बकरीद हजरत इब्राहिम अलैह सलाम और हजरत इस्माइल अलैह सलाम की महान कुर्बानी, आज्ञाकारी, समर्पण व अल्लाह की इच्छा के प्रति पूर्ण निष्ठा की याद दिलाती है।

यह पर्व अपने भीतर की बुराइयों को त्यागने का भी संदेश देता है। अपने भीतर दया, सहानुभूति, त्याग, भाईचारा और मानव सेवा की भावना विकसित करें। गरीबों, अनाथों, विधवाओं व जरूरतमंदों की सहायता कर ईद की खुशियों में उन्हें भी सहभागी बनाये। स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर