बाबा साहेब के आदर्शों को अपने आचरण में आत्मसात करने की जरूरत: संजय सरावगी
पटना, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आज भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब के योगदान और उनके महान विचारों का स्मरण करने का दिन है। हम सभी को अपने जीवन में उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज में जिस तरह से भेदभाव था और जो लोग मुख्य धारा के साथ जुड़ नहीं पाए थे और जो लंबे समय तक हाशिए पर थे, बाबा साहेब ने न केवल उनकी चिंता की बल्कि ऐसे लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संविधान में वो प्रावधान बनाने का भी कार्य किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल संविधान के निर्माता थे, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने देश को ऐसा संविधान दिया जो लोकतंत्र, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बाबा साहेब ने उच्चतम शिक्षा प्राप्त की और भेदभाव के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन संकल्प और आत्मविश्वास का प्रेरणादायी उदाहरण है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में आत्मसात करें।
उन्होंने कहा कि बाबासाहेब जैसे सपूत पर पूरे देश को गर्व है। हम सब सदैव उनके दिखाए मार्ग और उनके योगदान को याद रखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

