भगैत,न्याय और धर्म के प्रतीक है बाबा धर्मराज : डॉ अमन
सुपौल, 29 मार्च (हि.स.)। सदर प्रखंड अंतर्गत लौकहा पंचायत में अखिल भारतीय लोकगाथा भगैत महासभा के तत्वावधान में 62 वां वार्षिक अधिवेशन सह राज्य स्तरीय भगैत महासम्मेलन का विधिवत आगाज बाबा धर्मराज की जय घोष के साथ किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महासभा प्रवक्ता डॉ अमन कुमार ने कहा कि भगैत मानवता की असली पाठशाला है। मानवता इंसान का सबसे बड़ा धर्म है। धर्म का अर्थ केवल पूजा-पाठ नहीं बल्कि सत्य, प्रेम, न्याय और कर्तव्य पर आधारित जीवनशैली है। जो मनुष्य को ”मानव“ बने रहने में मदद करती है।
आध्यात्मिक विकास से मनुष्य को आंतरिक शांति, असीम आनंद, आत्म ज्ञान और जीवन के वास्तिवक उद्देश्य की समझ मिलती है। डॉ कुमार ने कहा कि गिरे हुए को उठाना, भूखे को रोटी देना, प्यासे को पानी देना, पिछड़े हुए को आगे बढ़ने का अवसर देना और सभी जीव-जन्तु के प्रति दया, न्याय व करूणा बनाए रखना धर्म है। जीवन के अंत मृत्यु को याद रखते हुए निडर होकर सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश बाबा धर्मराज के गाथाओं से मिलती है।
उन्होंने कहा कि धर्म का उद्देश्य विभाजन नहीं बल्कि एकता व भाईचारा का प्रचार करना है। कहा कि भगैत भारतीय संस्कृति और सभ्यता की सर्वाेत्तम प्रहरी है। लोकगाथा भगैत समाज की किसी वर्ग, धर्म, जाति या व्यक्ति विशेष से संबंधित नहीं है बल्कि सम्पूर्ण समाज की धरोहर है। यज्ञ स्थल से 108 बालिकाओं के द्वारा कलश यात्रा लौकहा, कजहा, अमहा के विभिन्न मार्गों में निकाली गई। जिसमें सैकड़ों ग्रामीण, महासभा सदस्य व पदाधिकारी सहित धर्मराज भक्त शामिल हुए।
सम्मेलन में वार्षिक सभापति घिनाय यादव, मालाधारी रामचन्द्र यादव, जिला परिषद् सदस्य गोदावरी देवी, रामनाथ मंडल, पैक्स अध्यक्ष फुलेन्द्र यादव, उप सभापति अनंत प्रसाद यादव, रघुनन्दन यादव, परमेश्वरी यादव, लक्ष्मी यादव, गोपाल प्रसाद यादव, अच्छेलाल यादव, नारायण यादव, रामखेलावन यादव, खट्टर यादव, वासुदेव मंडल, भूखो यादव, महेन्द्र यादव, राधेश्याम पाण्डेय, उमेश पाण्डेय, राजेश यादव, अमहा मुखिया रामनाथ यादव, संतोष चौधरी, सुरेश यादव, बलराम यादव, नीरज कुमार, आनंद बिहारी यादव, राज कुमार साह, सिकेन्द्र यादव, चन्दन यादव, जय प्रकाश यादव, रविन्द्र यादव, महेन्द्र प्रसाद मंडल, रामनाथ पांडेय, राजेन्द्र यादव, चंदेश्वरी यादव आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

