home page

बस खेत में पलटी, 10 यात्री घायल; 19 दिन में दूसरी दुर्घटना

 | 
बस खेत में पलटी, 10 यात्री घायल; 19 दिन में दूसरी दुर्घटना


बेतिया, 08 सितंबर (हि.स.)। मैनाटांड से बेतिया जा रही शिव दानी बस मंगलवार की सुबह पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। पिकअप वाहन को साइड देने के दौरान बस की स्टीयरिंग में अचानक खराबी आ गई, जिसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खेत में पलट गई।

हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्रियों में से 10 लोग घायल हो गए। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई।

बताया जाता है कि बस मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मैनाटांड से बेतिया के लिए रवाना हुई थी। पुरुषोत्तमपुर थाना के समीप सामने से इनरवा की ओर जा रही पिकअप को साइड देने के दौरान अचानक बस की स्टीयरिंग में खराबी आ गई। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया।

गौरतलब है कि इसी कंपनी की एक अन्य बस 19 अगस्त को मैनाटांड थाना क्षेत्र के पकुहावा गांव के समीप पोखर में पलट गई थी। उस घटना के महज 20 दिन के भीतर मंगलवार को इसी कंपनी की बस के दोबारा दुर्घटनाग्रस्त होने से बसों की सुरक्षा, फिटनेस और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुरुषोत्तमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं। किसी की मौत नहीं हुई है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक