भारत-नेपाल सीमा पर साढ़े 12 लाख की गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बेतिया, 07 अगस्त (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इनरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इनरवा बॉर्डर पर छापेमारी कर लगभग 31.250 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त नेपाली नंबर की एक बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से हनुमान गली मार्ग के रास्ते गांजा की एक बड़ी खेप भारत लाई जाने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर सीमा क्षेत्र में सघन निगरानी शुरू कर दी गई। कुछ ही देर बाद नेपाल नंबर की एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति भारत की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो बाइक पर रखी दो बोरियों से कुल 31.250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद गांजा और तस्करी में प्रयुक्त बाइक को विधिवत जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बस्ठा गांव निवासी साहेब कुमार तथा नेपाल के पारसा जिला स्थित महुवन गांव निवासी सौरव साह के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद गांजा की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 12.50 लाख रुपये है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

