home page

आधुनिक खेती से समृद्ध होंगे अन्नदाता: कटिहार में बोले तारकिशोर प्रसाद— विभागीय मार्गदर्शन से अपनाएं नई तकनीकें

 | 
आधुनिक खेती से समृद्ध होंगे अन्नदाता: कटिहार में बोले तारकिशोर प्रसाद— विभागीय मार्गदर्शन से अपनाएं नई तकनीकें


कटिहार, 22 सितंबर (हि.स.)। कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं संसाधन-कुशल बनाने के उद्देश्य से संयुक्त कृषि भवन परिसर में मंगलवार को जिले के प्रगतिशील किसानों के बीच अजोला प्रत्यक्षण-सह-वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री-सह-सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने किसानों के बीच अजोला का वितरण किया और उन्हें आधुनिक व पर्यावरण-अनुकूल पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सदर प्रखंड प्रमुख सोनी सिंह और जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार की विशेष उपस्थिति रही।

किसानों को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का समन्वय समय की मांग है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा दी जा रही तकनीकी जानकारियों और सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर नवीन पद्धतियों को धरातल पर उतारने का आह्वान किया, ताकि लागत में कमी और आमदनी में बढ़ोतरी हो सके।

इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने अजोला उत्पादन की वैज्ञानिक विधि, रख-रखाव, जल एवं पोषक तत्व प्रबंधन तथा कृषि व पशुपालन में इसके उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अजोला एक तीव्र गति से विकसित होने वाला जलीय फर्न है, जिसका उपयोग दुधारू पशुओं के पौष्टिक चारे और जैविक खाद के रूप में किया जा सकता है।

कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की कि वे विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन के अनुसार अजोला का वैज्ञानिक उत्पादन करें और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से अपनी खेती को अधिक उत्पादक और टिकाऊ बनाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह