home page

अयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी साप्ताहिक एक्सप्रेस, गोरखपुर होकर गुजरेगी ट्रेन

 | 

सीवान, 22 नवंबर (हि.स.)।भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में रेल मंत्रालय ने अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की स्वीकृति प्रदान की है। इस नई रेल सेवा से दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा।

ट्रेन का परिचालन गोरखपुर, नरकटियागंज और रक्सौल होते हुए किया जाएगा। इस ट्रेन का शुभारंभ 23 नवंबर को उद्घाटन विशेष गाड़ी के रूप में होगा। 04295 अयोध्या धाम-जनकपुर धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन सोमवार को अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह मनकापुर, बस्ती होते हुए शाम 5:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से नरकटियागंज और रक्सौल होते हुए अगले दिन सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर के रास्ते सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी।

वापसी में 04296 जनकपुर धाम-अयोध्या धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन 24 नवंबर मंगलवार को नेपाल के जनकपुर धाम से दोपहर एक बजे रवाना होगी। यह जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन गोरखपुर से शाम 5:40 बजे तथा नरकटियागंज से रात 9:30 बजे गुजरेगी। वापसी में जनकपुर से अयोध्या जाने वाली ट्रेन गोरखपुर अगले दिन सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी। इस उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सात शयनयान श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, एक जनरेटर सह लगेज यान तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे की इस पहल से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma