home page

स्टार्टअप बिहार योजना के अंतर्गत 'पिच डेक प्रेजेंटेशन' विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
स्टार्टअप बिहार योजना के अंतर्गत 'पिच डेक प्रेजेंटेशन' विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सहरसा, 22 जुलाई (हि.स.)। उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में बुधवार को गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, सहरसा के सभागार में स्टार्टअप बिहार योजना के अंतर्गत 'पिच डेक प्रेजेंटेशन' विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच उद्यमिता, नवाचार तथा स्टार्टअप संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्टार्टअप बिहार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करना था।

कार्यक्रम में गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई कॉलेज, कृषि महाविद्यालय अगवानपुर, आर.एम. कॉलेज, एम.एल.टी. कॉलेज सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, व्याख्याता, सहायक प्राध्यापक, छात्र-छात्राएँ, उद्योग विभाग के पदाधिकारी तथा स्टार्टअप सेल, सहरसा के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर, सेल कोऑर्डिनेटर एवं स्टूडेंट्स कोऑर्डिनेटर ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप बिहार योजना से लाभान्वित युवा उद्यमी श्री प्रियांशु ने पिच डेक तैयार करने की प्रक्रिया, सफल प्रस्तुतीकरण के महत्वपूर्ण पहलुओं एवं अपने उद्यमिता अनुभवों को साझा किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार आधारित व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि एक प्रभावी पिच डेक निवेशकों एवं संस्थागत सहयोग प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप एवं नवाचार की उपयोगिता से अवगत कराते हुए कहा कि युवा अपनी रचनात्मक सोच और तकनीकी ज्ञान के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकते हैं। वहीं गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में है।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, सहरसा श्री मुकेश कुमार ने स्टार्टअप बिहार योजना, पिच डेक, स्टार्टअप सेल एवं उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल रोजगार की तलाश करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमी बनने का संकल्प लें।

उन्होंने बताया कि यदि किसी युवा के पास ऐसा अभिनव विचार है जो किसी वास्तविक समस्या का समाधान करता हो तथा जिसमें व्यवसायिक संभावनाएँ और विस्तार की क्षमता हो, तो वह स्टार्टअप बिहार के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकता है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इच्छुक अभ्यर्थी स्टार्टअप सेल, सहरसा अथवा जिला उद्योग केन्द्र, सहरसा से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। स्टार्टअप बिहार योजना के अंतर्गत चयनित स्टार्टअप्स को बिहार सरकार द्वारा ₹10 लाख तक का सीड फंड उपलब्ध कराया जाता है, जिससे युवा अपने अभिनव विचारों को सफल उद्यम के रूप में विकसित कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार