home page

साइबर पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
साइबर पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। पुलिस उपाधीक्षक साइबर, भागलपुर के नेतृत्व में साइबर थाना भागलपुर की टीम द्वारा शुक्रवार को भागलपुर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शोरूम के सभी कर्मियों को साइबर फ्रॉड एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति ज्वेलरी खरीदने के नाम पर स्वयं भुगतान न कर किसी अन्य दूरस्थ स्थान पर बैठे व्यक्ति से ऑनलाइन भुगतान करवाने की बात कहता है, तो ऐसे खरीदारों एवं संदिग्ध लेन-देन के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।भुगतान की पुष्टि केवल प्राप्त बैंकिंग सूचना एवं अधिकृत माध्यमों से ही करें तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध भुगतान या लेन-देन की स्थिति में बिना सत्यापन के ज्वेलरी की सुपुर्दगी न करें। साथ ही कर्मियों को अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए फर्जी भुगतान स्क्रीनशॉट, संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस उपाधीक्षक साइबर द्वारा सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका अथवा घटना होने पर तत्काल साइबर थाना, भागलपुर से संपर्क स्थापित करें तथा समय रहते इसकी सूचना पुलिस को दें। भागलपुर पुलिस आम नागरिकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील करती है कि डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतें, प्रत्येक भुगतान का सत्यापन करें तथा साइबर अपराध के प्रति जागरूक एवं सजग रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर