home page

नशा मुक्त भारत अभियान की पाँचवीं वर्षगांठ पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 | 
नशा मुक्त भारत अभियान की पाँचवीं वर्षगांठ पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


पूर्वी चंपारण,24 मार्च (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान की पाँचवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मादक द्रव्यों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पूर्वी चंपारण, मुंशी सिंह महाविद्यालय, मोतिहारी तथा आज़ाद यूथ ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को एक दिवसीय जागरूकता अभियान एवं प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सहायक प्रशासी पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला समन्वयक (सामाजिक कोषांग ) राजीव रंजन झा, मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अरुण कुमार, मुंशी सिंह महाविद्यालय के एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती तथा आज़ाद यूथ ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक कफील अहमद आज़ाद सहित बड़ी संख्या महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. अरुण कुमार ने नशे के कारणों, उसके दुष्प्रभावों एवं नशा मुक्ति के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नशे के मनोवैज्ञानिक, सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे न केवल व्यक्ति, बल्कि परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों तथा चंपारण सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा मुक्ति के लिए सतत, संगठित और सक्रिय प्रयासों की आवश्यकता है।

सहायक प्रशासी पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने ‘नशा मुक्त अभियान’ की आवश्यकता पर बल देते हुए युवाओं की सक्रिय भागीदारी को इसकी सफलता की कुंजी बताया। वहीं जिला समन्वयक राजीव रंजन झा ने पूर्वी चंपारण में नशा मुक्ति अभियान की प्रासंगिकता और आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. गौरव भारती ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने नशा मुक्ति अभियान के महत्व एवं उसके सकारात्मक प्रभावों को विभिन्न आँकड़ों के माध्यम से विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंत में कफील अहमद आज़ाद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों ने आज़ाद यूथ ऑर्गेनाइजेशन की सक्रियता और योगदान की सराहना की। इस अवसर पर जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को टोपी एवं टी-शर्ट भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. विदुषी दीक्षित, डॉ. अलोक कुमार पांडेय, डॉ. पवन कुमार, डॉ. रुपेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ‘नशा मुक्त भारत’ के सामूहिक शपथ ग्रहण के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार