खेल मैदान से बेटियों ने दिया सशक्त समाज का संदेश, बालिकाओं को किया सम्मानित
सीवान, 24 अगस्त (हि.स.)। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सोमवार को जिला खेल भवन में बालिकाओं के लिए जागरूकता-सह-सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महिला एवं बाल विकास निगम और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से हॉकी, खो-खो, कबड्डी, हैंडबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण ले रही बालिकाओं और उनके कोच ने भाग लिया।
कार्यक्रम में खेल के साथ बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर उन्हें जागरूक किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से बालिकाओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गयी।
इस दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों पर चर्चा करते हुए इनके दुष्परिणामों और बचाव के कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया।
बालिकाओं को कहा गया कि किसी भी तरह के दुर्व्यवहार, हिंसा या अनैतिक व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल सहायता लें। कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गयी।
अधिकारियों ने बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए महिला एवं बाल विकास निगम की टीम हर समय उनके साथ है। विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को मोमेंटो और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगो युक्त कॉफी मग देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, सभी उपस्थित बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से ट्रैक सूट वितरित किये गये। सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से बालिकाओं के चेहरे पर खुशी दिखी और उनका उत्साह बढ़ा।
कार्यक्रम का आयोजन जिला खेल पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) एवं जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम के नेतृत्व में किया गया।
मौके पर जिला खेल विभाग के कर्मी, विभिन्न खेलों के कोच और महिला एवं बाल विकास निगम के संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

