गांव का संकल्प के तहत नशा मुक्त बिहार अभियान को मिल रही गति, जीविका दीदियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प
अररिया 05 नवम्बर(हि.स.)। नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत द्वितीय सप्ताह के थीम गांव का संकल्प को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही है,जिसके तहत गुरुवार को गांवों में जीविका दीदी ने जागरूकता को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए। नरपतगंज एवं पलासी प्रखंड के विभिन्न जीविका संकुल स्तरीय संघों के अंतर्गत बैठक, जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।नरपतगंज प्रखंड में नारी शक्ति सीएलएफ, महिला शक्ति सीएलएफ एवं सीमांचल शक्ति सीएलएफ के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। वहीं पलासी प्रखंड में नारी सम्मान सीएलएफ एवं आदर्श सीएलएफ के अंतर्गत बैठक एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की ओर से अवर निरीक्षक पूजा कुमारी शामिल हुईं। इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रतिनिधि दीदी ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में जीविका दीदियों को नशे के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अपने-अपने गांव एवं समुदाय में लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने, परिवारों को जागरूक करने तथा नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

