बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता सबसे जरूरी: न्यायाधीश
भागलपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर के प्राथमिक खंड (पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, नरगाकोठी, चंपानगर, भागलपुर) में बुधवार को 'पोक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा' विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने भैया-बहनों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
सभा को संबोधित करते हुए न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने कहा, बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के लिए वर्ष 2012 में पोक्सो एक्ट लागू किया गया था। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति हमेशा जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता तथा 'अच्छे और बुरे स्पर्श' के अंतर को विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे किसी भी अनुचित व्यवहार या असुरक्षित परिस्थिति का सामना करते हैं, तो बिना किसी भय के तुरंत अपने माता-पिता या आचार्यों को इसकी जानकारी दें, ताकि वे एक सुरक्षित वातावरण में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
विद्यालय के प्रभारी मनोज तिवारी ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भैया-बहनों में बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानून के प्रति समझ व जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम के अंत में उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास और एक सुरक्षित समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पहले, कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के आचार्य शशि भूषण मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का औपचारिक परिचय कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, प्रभारी मनोज कुमार तिवारी, आचार्य शशि भूषण मिश्र, अभिजीत आचार्य, अमर ज्योति, आभाष कुमार, शशिकांत गुप्ता, सुबोध ठाकुर, संजीव ठाकुर, शुभम कुमार, ऋषि देवाशीष, सुजीत कुमार, गोपाल प्रसाद सिंह, कविता पाठक, रेणु कुमारी, मोनालिसा, नेहा कुमारी, खुशबू कुमारी, मनीष कुमार, अनीता देवी, सुलेखा देवी सहित कक्षा अरुण से पंचम तक के सैकड़ों भैया-बहन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

