अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला बैठक आयोजित
समस्तीपुर, 26 जून (हि.स.)।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समस्तीपुर जिला की जिला बैठक आज आयोजित की गई।
बैठक में आगामी स्थापना दिवस, सदस्यता अभियान, भगिनी निवेदिता व्यक्तित्व विकास शिविर समापन समारोह, शैक्षणिक समस्याओं के समाधान हेतु आंदोलन तथा केएसआर महाविद्यालय बचाओ आंदोलन सहित विभिन्न संगठनात्मक एवं छात्रहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक केशव माधव ने की।
प्रांत सहमंत्री अनुपम कुमार झा ने कहा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना दिवस के अवसर पर कला उत्सव आयोजित करेगी साथ ही सात दिनों तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, साथ ही इस वर्ष व्यापक सदस्यता अभियान चलाएगी जिसमें 25000 सदस्य बनाने का लक्ष्य है।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्रहित, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना है। साथ ही शैक्षणिक समस्याओं के समाधान एवं छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए परिषद चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी।प्रांत फार्मविज़न सह संयोजक सिंटू पांडेय ने कहा, छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए भगिनी निवेदिता व्यक्तित्व विकास शिविर जैसे कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। परिषद शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केएसआर महाविद्यालय को बचाने की लड़ाई भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
प्रांत सह छात्रा प्रमुख शालू कुमारी ने कहा, अभाविप छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और नेतृत्व विकास को प्राथमिकता देती है। सदस्यता अभियान एवं आगामी कार्यक्रमों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवतियाँ संगठन से जुड़कर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
नगर अध्यक्ष चंदन मिश्रा ने कहा, समस्तीपुर जिले की सभी नगर एवं महाविद्यालय इकाइयाँ संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगी। छात्रहित के हर मुद्दे पर अभाविप सदैव अग्रणी भूमिका निभाती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।बैठक में सिंटू पांडे चंदन मिश्रा केशव माधव शुभम कुमार निक्कू आर्य प्रिंस चौधरी आदर्श कुमार प्रिया रंजन कुमार शालू कुमारी, विजय कुमार आदि उपस्थित थे
हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय

