home page

डीएम के औचक निरीक्षण में चौसा, इटाढ़ी सीएचसी की खुली पोल, कई चिकित्सक व कर्मी मिले अनुपस्थित

 | 
डीएम के औचक निरीक्षण में चौसा, इटाढ़ी सीएचसी की खुली पोल, कई चिकित्सक व कर्मी मिले अनुपस्थित


बक्सर, 23 अगस्त (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा एवम इटाढ़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर एवं विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, दो चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, लिपिक, BCM, LT (PAC), PMAM, BM&EA, VBDS सहित पांच ममता कार्यकर्ता अनुपस्थित मिले। डीएम ने अनुपस्थित चिकित्सकों के अनुपस्थित तिथि के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण लेने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। वहीं LT (PAC), PMAM, BM&EA एवं VBDS के वेतन/मानदेय में कटौती के साथ स्पष्टीकरण का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य प्रबंधक, BCM एवं लिपिक के लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा चार ममता कार्यकर्ताओं को चयनमुक्त करने का निर्देश दिया गया। एक ममता कार्यकर्ता द्वारा अग्रिम उपस्थिति दर्ज करने के मामले में भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया, जो संतोषजनक नहीं पाए गए। इस पर सिविल सर्जन एवं डीपीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया।

निरीक्षण के दौरान दवा वितरण एवं स्टॉक की भी समीक्षा की गई। फार्मासिस्ट को माहवार एक्सपायरी होने वाली दवाओं की सूची तैयार करने, एक्सपायरी दवाओं को उपयोग से हटाकर नियमानुसार निस्तारित करने तथा समय रहते दवाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने सिविल सर्जन एवं डीपीएम को सीएचसी इटाढ़ी का नियमित औचक निरीक्षण कर चिकित्सकों एवं कर्मियों की समय पर उपस्थिति, दवा तथा मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra