home page

चोरी का प्रयास नाकाम, एक गिरफ्तार

 | 
चोरी का प्रयास नाकाम, एक गिरफ्तार


किशनगंज, 03 जून (हि.स.)। बहादुरगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक वारदात को नाकाम कर मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके घर की तलाशी के दौरान पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित आभूषण एवं अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी बुधवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुशरू सिराज ने दी।

एसडीपीओ ने बताया कि एक जून की रात दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि बमभोला चौक निवासी विशेश्वर प्रसाद साह के घर में अज्ञात बदमाश वेंटिलेशन तोड़कर प्रवेश कर गए हैं। सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर के भीतर छिपे एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 2,200 रुपये नकद, एक लोहे का रॉड, एक प्लास्टिक की रस्सी तथा दो सिटी गोल्ड के कंगन बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि घटना के समय उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था, जो स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर वेंटिलेशन के रास्ते फरार हो गया। आरोपित ने यह भी कबूल किया कि उसने एक सप्ताह पूर्व गुणा चौरासी क्षेत्र तथा लगभग एक माह पहले रजिस्ट्री कार्यालय के समीप चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से दो चांदी के पायल, एक चांदी की सिकड़ी तथा दो चांदी की बिछिया बरामद की गईं।

पुलिस बरामद सामान के संबंध में जांच कर रही है तथा फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह