home page

जन सुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का निर्देश

 | 
जन सुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का निर्देश


किशनगंज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस कार्यालय, किशनगंज में जन सुनवाई का आयोजन किया।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन सुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए मामलों की प्रकृति के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए।

एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास बना रहे और उन्हें समयबद्ध न्याय मिल सके।जन सुनवाई को पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे पुलिस के वरीय अधिकारी के समक्ष रख सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देना आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जन सुनवाई का मुख्य उद्देश्य शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर नागरिकों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह