home page

एनडीपीएस, तस्करी और देह व्यापार से अर्जित संपत्ति होगी जब्त, सात आरोपित चिन्हित

 | 
एनडीपीएस, तस्करी और देह व्यापार से अर्जित संपत्ति होगी जब्त, सात आरोपित चिन्हित


किशनगंज, 02 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने अपराध के माध्यम से अर्जित संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में सात ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई है, जिन पर एनडीपीएस एक्ट के मामलों, मादक पदार्थों की तस्करी, देह व्यापार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्ती के लिए सात आरोपितों के विरुद्ध प्रस्ताव तैयार कर न्यायालय को भेजे गए हैं। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए संबंधित संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध से अर्जित आर्थिक संसाधनों को भी समाप्त करना है। इससे संगठित अपराध और अवैध कारोबार के आर्थिक तंत्र को कमजोर किया जा सकेगा।पुलिस लगातार ऐसे मामलों की समीक्षा कर रही है, जिनमें अपराध से अर्जित धन या संपत्ति का इस्तेमाल होने के साक्ष्य मिल रहे हैं। प्रभारी एसपी ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार तथा अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जहां भी अपराध से अवैध संपत्ति अर्जित करने के प्रमाण मिल रहे हैं, वहां कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्ती की यह पहल अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करने में प्रभावी साबित होगी। साथ ही यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को कानून के तहत जब्त किया जा सकता है। अब न्यायालय में भेजे गए प्रस्तावों पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह