पंचायत सचिवों का महासमागम, पांच सूत्री मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी
भागलपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के सिकंदरपुर स्थित एक मैरेज हॉल में बिहार राज्य पंचायत सचिव संघ, जिला शाखा भागलपुर द्वारा मंगलवार को पंचायत सचिवों का महासमागम आयोजित किया गया। इस महासमागम में भागलपुर प्रमंडल एवं मुंगेर प्रमंडल के बड़ी संख्या में पंचायत सचिव शामिल हुए और अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिवों ने अंतरजिला स्थानांतरण, शैक्षणिक योग्यता के आधार पर पदनाम परिवर्तन कर जीपीआरओ बनाने, ग्रेड-पे 2000 से बढ़ाकर 4200 करने, 2000 रुपये परिवहन भत्ता देने तथा बीपीआरओ पद पर प्रोन्नति में पंचायत सचिवों की उम्र सीमा 55 वर्ष समाप्त करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष विजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि लंबे समय से पंचायत सचिव अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन अब तक सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। महासमागम के माध्यम से पंचायत सचिवों ने सरकार को अपनी एकजुटता का संदेश देते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

