कोर्ट के आदेश पर ससुराल पहुंची महिला से ससुराल वालों ने किया मारपीट
भागलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के बरारी थाना क्षेत्र स्थित कोयला घाट में रविवार को एक महिला के साथ उसके ससुरालवालों के द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित महिला संजना कुमारी ने आरोप लगाया है कि कोर्ट के आदेश के बाद वह अपने बच्चे के साथ ससुराल पहुंची थी लेकिन वहां उसके पति, सास और ससुर ने मिलकर उसके साथ मारपीट किया।
पीड़िता संजना कुमारी का कहना है कि वह न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए अपने बच्चे के साथ ससुराल पहुंची थी, लेकिन वहां पहुंचते ही परिवार के लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। महिला के अनुसार उसके पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों ने लाठी-डंडे से उस पर हमला किया। इस घटना में उसे चोटें भी आई हैं।
संजना कुमारी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसके साथ इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी कई बार ससुरालवालों द्वारा उसके साथ मारपीट की जा चुकी है। लगातार हो रही इस प्रताड़ना से वह काफी परेशान और भयभीत है।
पीड़िता ने कहा कि अगर इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह कोई बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों की होगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी काफी चर्चा है। वहीं पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर बरारी थाना पुलिस से शिकायत किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

