home page

आकांक्षी जिला रैंकिंग: कटिहार को देश में 40वां स्थान, मनिहारी ब्लॉक पूर्वी भारत में अव्वल

 | 
आकांक्षी जिला रैंकिंग: कटिहार को देश में 40वां स्थान, मनिहारी ब्लॉक पूर्वी भारत में अव्वल


कटिहार, 16 जुलाई (हि. स.)। नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम की डेल्टा रैंकिंग में कटिहार ने शानदार छलांग लगाते हुए देशभर में 40वां स्थान (61.2 समग्र स्कोर) हासिल किया है। वहीं, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में जिले के मनिहारी ब्लॉक ने पूरे पूर्वी भारत में प्रथम और कुरसेला ब्लॉक ने 'सम्पूर्णता अभियान' के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर पूरे बिहार में पहला स्थान प्राप्त किया है। इन ऐतिहासिक उपलब्धियों पर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी राहुल सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुहर लगी।

बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और नीति आयोग के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान सीपीओ राहुल सिंह ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे विभिन्न विकास संकेतकों में हुए अभूतपूर्व सुधार की सराहना की।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है; पहली तिमाही में गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण 2018 के 66.92 प्रतिशत से बढ़कर 99.18 प्रतिशत हो गया है। अति कुपोषित बच्चों की दर घटकर मात्र 0.80 प्रतिशत रह गई है। बाढ़ और दियारा क्षेत्रों में नावों के जरिए टीकाकरण व स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना एक सफल और अभिनव मॉडल साबित हुआ है।

शिक्षा के मोर्चे पर प्राथमिक से उच्च प्राथमिक स्तर पर बच्चों की ट्रांजिशन रेट (संक्रमण दर) 79.48 प्रतिशत तक पहुंच गई है। जिले के 259 सरकारी स्कूलों में 'स्मार्ट क्लास' का सफल संचालन हो रहा है और ई-शिक्षकोश पोर्टल व बाला पेंटिंग के जरिए बच्चों की ट्रैकिंग और जुड़ाव बढ़ाया जा रहा है। वहीं, कृषि विविधीकरण के तहत ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। बुनियादी ढांचे में भी बड़ी सफलता मिली है, जहाँ जिले की 100 प्रतिशत पंचायतें इंटरनेट से जुड़ चुकी हैं और शुद्ध पेयजल के लिए 3,891 आयरन रिमूवल प्लांट स्थापित किए गए हैं।

नीति आयोग द्वारा जिले के लिए कई नए महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी गई है। इसके तहत मनिहारी ब्लॉक में 77.94 लाख रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अनुमंडल अस्पताल में 72.03 लाख से अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी तथा जिले में 'रोबोशाला' और डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा।

बैठक में सीपीओ राहुल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, वहां विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने शिक्षा विभाग को 'मिशन जीरो ड्रॉप-आउट', स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल एम्बुलेंस सेवा नियमित करने और कृषि में ड्रोन तकनीक के अधिकतम उपयोग के सख्त निर्देश दिए, ताकि कटिहार देश के अग्रणी जिलों में शुमार हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह